भेड़ाघाट गोलीकांड: सवा महीने बाद भी कुख्यात बदमाश राहुल कला फरार! पीड़ित परिवार को समझौते के लिए धमकाने का आरोप, पुलिस पर उठे सवाल
गोलीकांड के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित रितिक बारी को फोन पर समझौते के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। शिवसेना ने पुलिस प्रशासन को आंदोलन और थाने के घेराव की चेतावनी दी है।

जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के लमहेटा घाट स्थित मैगी पॉइंट के पास करीब सवा महीने पहले एक विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। प्रतिमा देखकर लौट रहे रितिक बारी और उनके साथियों का गाड़ी टकराने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान राहुल काला और उसके साथियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए गोली चला दी, जो सीधे रितिक बारी के सीने में जा लगी। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर उम्मीदें टिकी थीं, लेकिन सवा महीने बीत जाने के बावजूद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप लग रहा है।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, आखिर आरोपी कब होंगे गिरफ्तार?
इस मामले को लेकर शिवसेना मध्य प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बारी ने भेड़ाघाट थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस के अनुसार एक आरोपी कांचघर डबल मर्डर केस में पकड़ा गया है। शैलेंद्र बारी का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई होती तो बाद में हुई हत्या की घटना को लेकर भी सवाल खड़े नहीं होते। उन्होंने इसे पुलिस की कार्यप्रणाली की गंभीर विफलता बताया।
पीड़ित को समझौते के लिए धमकी देने का आरोप!
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब शैलेंद्र बारी ने आरोप लगाया कि रितिक बारी को लगातार फोन कर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं, तीन दिन पहले भी फोन पर धमकी देने और जान से मारने की बात कहे जाने का आरोप लगाया गया है। ऐसे में सवाल यह है कि गोलीकांड का पीड़ित परिवार आखिर कब तक डर के साये में रहेगा? क्या पुलिस ने धमकी की शिकायत को गंभीरता से लिया है? क्या पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है?
थाने के घेराव और प्रदर्शन की चेतावनी!
शैलेंद्र बारी ने प्रशासन से मांग की है कि गोलीकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भेड़ाघाट थाने का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
पुलिस प्रशासन से सीधे सवाल!
सवा महीने बाद भी गिरफ्तारी का इंतजार क्यों? पीड़ित को कथित रूप से धमकाने वालों पर क्या कार्रवाई हुई? क्या पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम साबित हो रही है? आखिर गोलीकांड के पीड़ित को न्याय और सुरक्षा कब मिलेगी?
अब देखना यह है कि भेड़ाघाट पुलिस और जबलपुर के वरिष्ठ अधिकारी इन गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं, या फिर पीड़ित परिवार को न्याय के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।
गोलीकांड, धमकी और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े आरोप संबंधित पक्ष के बयान पर आधारित हैं। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

