बरेला पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप! राहुल दुबे और अतुल पटेल के नाम चर्चा में, पुलिस के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे एसपी कार्यालय

जबलपुर | बरेला थाना पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल दुबे के खिलाफ पूर्व में प्राणघातक हमले और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि एक मामले में उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस को देखकर राहुल दुबे पानी की टंकी पर चढ़ गया था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अतुल पटेल का नाम भी इस मामले के साथ चर्चा में है। मिली जानकारी के मुताबिक, उसके खिलाफ भी धारा 307 जैसे गंभीर मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इन मामलों की पुष्टि पुलिस रिकॉर्ड से होना आवश्यक है।
काली फिल्म वाली थार पर पुलिस का शिकंजा,
जेल से बाहर आने के बाद राहुल दुबे काली फिल्म लगी थार में घूमता मिला। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके बाद पुलिसकर्मी के खिलाफ एसपी कार्यालय में शिकायत किए जाने की बात सामने आई। थाना प्रभारी संगीता सिंह के मुताबिक, शिकायत में जिस पुलिसकर्मी का नाम लिया गया, वह संबंधित समय पर नाइट ड्यूटी में था और मौके पर मौजूद नहीं था।
सवाल शिकायत पर नहीं, तथ्यों पर है!
पुलिस के खिलाफ शिकायत करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन गंभीर आपराधिक मामलों में नाम सामने आने वाले व्यक्तियों की शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है। यदि बरेला पुलिस ने काली फिल्म के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की है, तो पुलिसकर्मियों का मनोबल गिराने के बजाय तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
थाना प्रभारी संगीता सिंह और उनकी टीम का संदेश साफ है—कानून और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस की वर्दी पर आरोप लग सकते हैं, लेकिन सच्चाई का फैसला जांच और सबूत करेंगे।



