जबलपुर के स्कूल में मासूमों की जिंदगी पर संकट! रतनजोत के बीज खाते ही पांच बच्चों की बिगड़ी हालत, मेडिकल अस्पताल में मचा हड़कंप

जबलपुर। स्कूल में पढ़ने और खेलने पहुंचे मासूम बच्चों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि खेल-खेल में खाए गए कुछ बीज उनकी जिंदगी को संकट में डाल सकते हैं। बरगी क्षेत्र के बम्हनी गांव स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में भोजन अवकाश के दौरान हुई एक घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। स्कूल के पीछे खेत की ओर खेलने गए पांच बच्चों ने अनजाने में रतनजोत के बीज खा लिए। कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को उल्टियां होने लगीं तो किसी को चक्कर आने लगे। बच्चों की हालत देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार जैसी स्थिति बन गई।
खेलने गए बच्चे लौटे तो बिगड़ने लगी हालत,
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे भोजन अवकाश के दौरान बच्चे स्कूल के पीछे खेत की तरफ खेलने चले गए थे। इसी दौरान पांच बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए। करीब 2 बजे छुट्टी खत्म होने पर बच्चे कक्षा में लौटे, लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। सभी प्रभावित बच्चों को पहले बरगी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चों को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
पांच मासूम मेडिकल अस्पताल में भर्ती,
मेडिकल अस्पताल में भर्ती बच्चों की पहचान 9 वर्षीय लक्ष्य, 9 वर्षीय अनमोल नेताम, 8 वर्षीय ललन शाह, 10 वर्षीय राहुल मरावी और 9 वर्षीय अभय वरकड़े के रूप में हुई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मुताबिक, रतनजोत के बीज खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। सभी का उपचार डॉक्टर पवन घनघोरिया की निगरानी में जारी है। अस्पताल के अनुसार अनमोल और राहुल की हालत स्थिर है। लक्ष्य और अभय पर भी डॉक्टर नजर रखे हुए हैं, जबकि ललन शाह की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर उठे सवाल,
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर स्कूल के पीछे खेत में रतनजोत के पौधे और उनके बीज बच्चों की पहुंच में कैसे थे? क्या स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र का नियमित निरीक्षण किया गया था? छोटे बच्चे खेलते समय अनजान चीजों के खतरे को नहीं समझते, ऐसे में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। अब जरूरत है कि स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हो, ताकि भविष्य में किसी मासूम को ऐसी मुसीबत का सामना न करना पड़े।
SET NEWS | जबलपुर



