बाजार से घर लौट रहे बुजुर्ग और युवक की दर्दनाक मौत! अज्ञात वाहन की टक्कर ने उजाड़ दिए दो परिवार

जबलपुर। बाजार की खरीदारी कर दोनों एक ही बाइक में सवार अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुआ एक दर्दनाक हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। चरगवां थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से एक बुजुर्ग और युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान श्यामलाल मेहरा (80 वर्ष) और सचिन यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम गुररहा, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाजार से खरीदारी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
एक तरफ 80 वर्षीय बुजुर्ग का परिवार सदमे में है, तो दूसरी तरफ 25 वर्षीय युवक की असमय मौत ने परिजनों को गहरे दुख में डाल दिया है। बाजार से घर लौटते वक्त हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।



