Jabalpur

Human Milk Bank: जबलपुर में खुला सबसे बड़ा मिल्क बैंक, जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा मां का दूध, जानिए खासियत

Jabalpur Human Milk Bank: जबलपुर में खुला जरुरतमंद नवजात शिशुओं के लिए ह्यूमन मिल्क बैंक, आधुनिक उपकरणों से प्रिजर्व किया जाएगा मां का दूध। लोक मंत्री राकेश सिंह ने किया शुभारंभ।

Largest Milk Bank In Madhya Pradesh Jabalpur: मध्य प्रदेश में नवजात बच्चों की बेहतर और अच्छी देखभाल और उन्हें सुरक्षित पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जबलपुर के रानी दुर्गावती चिकित्सालय में मध्य प्रदेश के सबसे बड़े और महाकौशल के पहले कॉम्प्रिहेन्सिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर यानी मिल्क बैंक अमृत कलश का शुभारंभ किया गया है।

करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सेंटर में माताओं के अतिरिक्त दूध को एकत्रित कर प्रिजर्व यानी सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे जरूरतमंद और बीमार नवजात शिशुओं को मां का दूध उपलब्ध कराया जा सके।

रानी दुर्गावती चिकित्सालय में शुरू हुआ मिल्क बैंक

मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के रानी दुर्गावती चिकित्सालय में शुरू होने वाला मिल्क बैंक अमृत कलश नवजात बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यहां ऐसी माताएं अपनी इच्छा से अतिरिक्त दूध दान कर सकेंगी, जिन्हें पर्याप्त मात्रा में दूध आता है। दूध दान करने से पहले माताओं की सहमति और स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।

मिल्क बैंक में आधुनिक उपकरणों की मदद से प्रिजर्व किया जाएगा दूध

मिल्क बैंक में एकत्रित किए गए दूध को आधुनिक उपकरणों की मदद से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पाश्चुरीकृत और सुरक्षित संरक्षित किया जाएगा। इसके बाद एसएनसीयू और एनआरसी में भर्ती बीमार, समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले नवजात शिशुओं को डॉक्टरों की सलाह के अनुसार यह दूध निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उन बच्चों को भी मां के दूध का पोषण मिल सकेगा, जिन्हें किसी कारण से अपनी मां का दूध नहीं मिल पा रहा है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया शुभारंभ

इस सेंटर का शुभारंभ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया। इस दौरान विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सेंटर की आधुनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और स्वेच्छा से दूध दान करने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

Related Articles