Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर के बिजली पावर हाउस में खूनी खेल! भाजपा विधायक के साले की गोली मारकर हत्या, धारदार हथियार से भी किया हमला

जबलपुर में अपराध का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस बिजली पावर हाउस से गांव के घरों में रोशनी पहुंचती है, उसी पावर हाउस में शुक्रवार की रात खून बह गया।

जबलपुर से करीब 38 किलोमीटर दूर पाटन थाना क्षेत्र के ननवारा गांव स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहे बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी गजेंद्र सिंह की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

रात 9 बजे ड्यूटी पर थे गजेंद्र, तभी हुआ जानलेवा हमला!
जानकारी के मुताबिक, गजेंद्र सिंह मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे वे ननवारा गांव स्थित बिजली पावर हाउस में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले उनकी पीठ पर गोली मारी और फिर सिर पर धारदार हथियार से वार किया। गंभीर रूप से घायल गजेंद्र को तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी से जुड़ा पारिवारिक रिश्ता!
इस त्याकांड ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब सूत्रों से जानकारी सामने आई कि मृतक गजेंद्र सिंह सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी के साले बताए जा रहे हैं। हालांकि, हत्या के पीछे राजनीतिक कारण होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बिजली काटने को लेकर होता था विवाद, क्या यही बनी हत्या की वजह?
परिजनों का कहना है कि बिजली पावर हाउस से बिजली काटने और लाइन बंद करने को लेकर गजेंद्र सिंह का गांव के कुछ लोगों से अक्सर विवाद होता रहता था। इस संबंध में उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत भी की थी। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या बिजली सप्लाई को लेकर चल रहा विवाद इस खूनी वारदात की वजह बना? या फिर हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश और दूसरी साजिश है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

पाटन पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य!
टना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी के मुताबिक, गजेंद्र की पीठ पर गोली जैसे घाव की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एक्स-रे मिलने के बाद ही चोट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

अब सबसे बड़ा सवाल—ननवारा गांव के बिजली पावर हाउस में आखिर ऐसा क्या हुआ कि ड्यूटी कर रहे कर्मचारी को अपनी जान गंवानी पड़ी? हमलावर कौन थे और वारदात के पीछे कौन-सी वजह छिपी है?

एक तरफ परिवार अपने सदस्य को खोने के गम में है, तो दूसरी तरफ इलाके के लोग इस हत्याकांड से सहमे हुए हैं। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और हत्या की असली वजह उजागर करना है। पूरे मामले पर लोगों की नजरें पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।

SET NEWS | जबलपुर

Related Articles