जबलपुर: शहपुरा में सड़क पर तांडव, हार्वेस्टर चालक पर जानलेवा हमला”
रास्ता रोककर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर

जबलपुर शहपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी कलारी मंडी गेट के पास उस समय दहशत फैल गई जब एक हार्वेस्टर चालक पर कुछ लोगों ने बीच सड़क पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पहले रास्ता रोका गया, फिर गाली-गलौज हुई और इसके बाद लोहे की रॉड व लाठियों से बेरहमी से हमला किया गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल अंकित साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम खितौला ने बताया कि वह सिहोरा से हार्वेस्टर लेकर ग्राम उदयपुरा में मंूग कटाई के लिए जा रहे थे। उनके साथ ड्राइवर सुब्बा सिंह भी मौजूद था। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे शहपुरा के पुरानी कलारी मंडी गेट के पास पहुंचे, तभी 3–4 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने हार्वेस्टर को साइड में लगाने की बात कहते हुए पहले गाली-गलौज शुरू की। विरोध करने पर एक आरोपी ने उसकी कॉलर पकड़कर उसे नीचे खींच लिया और धमकी दी। इसके बाद रूद्र प्रताप सिंह उर्फ रूद्री ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी दौरान हरछट सिंह ने लाठी से उसकी दाहिनी जांघ पर हमला किया, जबकि साहिल उर्फ भटा और अन्य साथियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर मौजूद ड्राइवर सुब्बा सिंह और खेमराज साहू ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को डायल 112 से सीएचसी शहपुरा भेजा गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 296(बी), 115(2), 126(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



