Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

शराब के लिए 500 रुपये नहीं दिए तो चाकू से हमला! जबलपुर में एक ही दिन तीन थानों में खूनी वारदात

हनुमानताल, रांझी और बेलबाग थाना क्षेत्रों में शराब के लिए रुपये मांगने पर चाकूबाजी, पुलिस ने दर्ज किए अलग-अलग प्रकरण।

संस्कारधानी जबलपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। महज शराब पीने के लिए 500 रुपये नहीं देने पर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हनुमानताल थाना, रांझी थाना और बेलबाग थाना पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पहला मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र का है। थाना हनुमानताल में मोहम्मद शहनवाज कुरैसी (24 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह दादामियां दरगाह दर्शन करने गया था। वहां अल्ताफ और उसका एक साथी उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगे। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज की और अल्ताफ ने चाकू से हमला कर उसके हाथ, जांघ, कूल्हे और कान के पास चोट पहुंचाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना रांझी थाना क्षेत्र की है। देवेन्द्र पटेल (39 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुभाषनगर झंडा चौक के पास अंशु वंशकार, ईशू और साजन ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। इनकार करने पर तीनों ने मारपीट की और अंशु वंशकार ने चाकू से हमला कर उसकी जांघ और कान के पास गंभीर चोट पहुंचाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

तीसरी वारदात बेलबाग थाना क्षेत्र की है। स्नेहिल सोनकर (18 वर्ष) सुबह चाय पीकर घर लौट रहा था। तभी टुकटुक उर्फ आरजू सोनकर ने उससे शराब के लिए 500 रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी जांघ में चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

इन तीनों घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक ही दिन में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब के लिए रुपये मांगकर चाकूबाजी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

 

Related Articles

Back to top button