Latest News

सूने मकानों पर रखते थे नजर, फिर करते थे हाथ साफ! जबलपुर-कटनी में चोरी की वारदातों का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

सूने मकानों पर रखते थे नजर, फिर करते थे हाथ साफ! जबलपुर-कटनी में चोरी की वारदातों का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर की संजीवनी नगर पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक विधि विवादित बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जबलपुर के धनवंतरी नगर और कटनी जिले में नकबजनी की वारदातों को अंजाम देकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, चांदी की मूर्तियां, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है।

मामला संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के धनवंतरी नगर का है, जहां होमेन्द्र कुमार डेहरिया परिवार सहित घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से चांदी के सिक्के, भगवान की मूर्ति और नकदी चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदातों में शामिल दो युवक धनवंतरी नगर बायपास क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर शिवांशु जैन और अभय सिंह कोर्टे को पकड़ लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर जबलपुर और कटनी में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद सोने-चांदी के जेवरों को आपस में बांट लिया था और नकदी भी खर्च कर दी थी।

आरोपी शिवांशु जैन ने चोरी के सोने के कंगन को एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर एक लाख रुपये का लोन लिया था, जबकि अभय सिंह ने अपने हिस्से के जेवर बेचकर करीब डेढ़ लाख रुपये हासिल किए और उसी रकम से मोटरसाइकिल खरीद ली थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, चांदी की गणेश प्रतिमा, सिक्के, पायल, सोने की चेन, फाइनेंस कंपनी की रसीद और चोरी की रकम से खरीदी गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। वहीं तीसरे विधि विवादित बालक को भी हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। कटनी पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है।

संजीवनी नगर पुलिस की कार्रवाई से दो जिलों में हुई नकबजनी की घटनाओं का खुलासा हो गया है। हालांकि यह मामला इस बात की भी तस्दीक करता है कि कम समय में पैसा कमाने की लालच और गलत संगत युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेल रही है।

घर सूना देखते ही बनाते थे निशाना, चोरी के पैसों से करते थे ऐश… आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर चोर।

Related Articles

Back to top button