₹80 के सामान के पैसे मांगने पर चला चाकू! रांझी पुलिस ने आरोपी को दबोचा, जुलूस निकालकर दिया सख्त संदेश
गांधी चौक चाकूबाजी कांड में मुख्य आरोपी नितिन साहू गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद—दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

जबलपुर में रांझी थाना क्षेत्र के गांधी चौक में महज 80 रुपये के सामान के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर चाकूबाजी की घटना में बदल गया। पुलिस के मुताबिक किराना दुकान पर सामान लेने पहुंचे तीन युवकों से जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार अभिषेक श्रीपाल के साथ मारपीट की गई और मुख्य आरोपी नितिन साहू ने चाकू से उसके पेट पर हमला कर दिया। घटना के बाद घायल दुकानदार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांझी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मुख्य आरोपी नितिन साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशादेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को पैदल ले जाते हुए जुलूस निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अपराधियों के खिलाफ सख्ती के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
₹80 के सामान के पैसे मांगते ही बिगड़ा माहौल,
पुलिस के अनुसार अभिषेक श्रीपाल, उम्र 20 वर्ष, गांधी चौक में किराना दुकान चलाते हैं। 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान पर मौजूद थे। उनके पिता अनिल श्रीपाल भी दुकान पर थे। इसी दौरान नितिन साहू, शिवा समुद्रे और राज चौधरी दुकान पर पहुंचे और करीब 80 रुपये का खाने-पीने का सामान लेकर जाने लगे।
जब अभिषेक श्रीपाल ने सामान के पैसे मांगे तो आरोप है कि नितिन साहू ने पैसे देने से इनकार कर गाली-गलौज शुरू कर दी। अभिषेक ने गाली देने से मना किया तो विवाद और बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक इसके बाद तीनों ने अभिषेक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि शिवा समुद्रे और राज चौधरी ने अभिषेक को पकड़ लिया और नितिन साहू ने चाकू निकालकर उसके पेट के बाईं तरफ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद अभिषेक जमीन पर गिर गए। घटना के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती,
घटना के बाद घायल अभिषेक श्रीपाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उन्हें आगे उपचार के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की।
रांझी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 667/26 के तहत धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
SP के निर्देश पर पुलिस टीम ने शुरू की धरपकड़,
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुख्य आरोपी नितिन साहू पिता महेंद्र साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी मानेगांव रांझी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी का जुलूस निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की कि क्षेत्र में चाकूबाजी, मारपीट और हथियारों के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नितिन का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया,
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नितिन साहू आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
दो फरार आरोपियों की तलाश जारी,
मामले में आरोपी शिवा समुद्रे और राज चौधरी अभी फरार बताए जा रहे हैं। रांझी थाना पुलिस दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रांझी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका,
मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद करने में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक चंद्रभान सिंह, आरक्षक अभिषेक मिश्रा, आरक्षक राहुल प्रताप एवं आरक्षक भीमू सोमवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रांझी थाना पुलिस की यह कार्रवाई चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के लिए सख्त संदेश है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी।



