दिनदहाड़े झपटमारी से दहशत, महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
दिनदहाड़े झपटमारी से दहशत, महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश

जबलपुर शहर में झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आम नागरिकों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल और कीमती सामान छीनने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला गोरखपुर थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार मंडला जिले के बघरौदी गांव निवासी 29 वर्षीय सरोपति कुंजाम, जो वर्तमान में कटंगा चौपड़ा स्थित एपीआर कॉलोनी में खाना बनाने का काम करती हैं, 30 मई की सुबह गोरखपुर क्षेत्र पहुंची थीं। सुबह लगभग 9 बजे राय कैफे के पास कोटक महिंद्रा बैंक के सामने उनके मोबाइल पर कॉल आया। जैसे ही उन्होंने अपने लोवर की जेब से मोटरोला कंपनी का मोबाइल निकालकर बात करना शुरू किया, उसी दौरान काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
बदमाशों ने बड़ी सफाई से महिला के हाथ से मोबाइल झपट लिया और कटंगा क्रॉसिंग की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
शहर में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राह चलते लोगों को निशाना बनाकर अपराधी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आसानी से फरार हो रहे हैं। ऐसे में आम नागरिकों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही झपटमारी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जबलपुर में मोबाइल झपटमारों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। दिनदहाड़े महिला से मोबाइल छीनने की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।”



