जबलपुर के मदन महल में गुंडाराज” जुआरियों का विरोध करना पड़ा भारी, व्यापारी पर तलवारों से जानलेवा हमला
मदन महल में गुंडाराज” जुआरियों का विरोध करना पड़ा भारी, व्यापारी पर तलवारों से जानलेवा हमला

जबलपुर के मदन महल थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका खौफनाक उदाहरण गंगा सागर इलाके में देखने को मिला, जहां जुआ और गुंडागर्दी का विरोध करने वाले एक व्यापारी पर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग मदन महल थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जुआ, शराबखोरी और असामाजिक तत्वों का आतंक जारी है, लेकिन पुलिस की ढिलाई के चलते अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।
घटना गंगा सागर स्थित एकता चौक की है। घायल व्यापारी शिव यादव ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से इसी इलाके में रह रहा है और यहीं उनका कारोबार भी है। पीड़ित के मुताबिक क्षेत्र का बदमाश रप्पी केवट अपने साथियों के साथ इलाके में खुलेआम जुआ खिलवाता है। शाम होते ही इलाके में शराबियों और जुआरियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल हो चुका है।
शिव यादव का आरोप है कि कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। यही वजह रही कि बदमाशों के हौसले बढ़ते चले गए। बीती रात जब शिव यादव ने फिर से जुआ और हंगामे का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और तलवारों से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार रप्पी केवट, आकाश केवट, राज पटेल और आशीष दहिया समेत अन्य युवकों ने मिलकर उन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में शिव यादव के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मदन महल थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की निष्क्रियता को उजागर कर रही हैं। अगर समय रहते जुआरियों और बदमाशों पर कार्रवाई की जाती, तो शायद व्यापारी पर यह जानलेवा हमला नहीं होता।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन सवाल यही है कि आखिर मदन महल थाना क्षेत्र में अपराधियों पर लगाम कब लगेगी, और कब आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर पाएगी।



