जबलपुर में खूनी गैंगवार: बीच सड़क युवक को घेरकर चाकुओं से गोदा, मौत का VIDEO वायरल
सड़क पर खूनी खेल: मदद की गुहार लगाता रहा आयुष, तमाशबीन बनी रही भीड़ मौत के सामने बेबस आयुष: बीच सड़क पर होता रहा हमला, देखते रहे लोग

जबलपुर…एक ऐसा शहर जहां दोपहरें आमतौर पर शांत होती हैं। जहां लोग अपने कामों में व्यस्त रहते हैं…जहां सड़कें रोज की तरह जिंदगी को आगे बढ़ाती हैं।लेकिन मंगलवार की वो दोपहर…इस शहर के माथे पर हमेशा के लिए खून का दाग छोड़ गई। घड़ी में करीब 2 बजे थे। सूरज सिर पर था। शाहीनाका की सड़क पर लोग आ-जा रहे थे। दुकानों के बाहर ग्राहक खड़े थे। किसी को नहीं पता था कि अगले कुछ मिनटों में सड़क पर मौत उतरने वाली है।
जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। शाहीनाका के पास बाइक से घर लौट रहे युवक पर आधा दर्जन बदमाशों ने बीच सड़क हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को चारों तरफ से घेर लिया और तब तक चाकू मारते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मृतक की पहचान शाहीनाका निवासी आयुष गुप्ता साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आयुष मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे किसी काम से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह अंबा टेंट हाउस के पास पहुंचा, तभी बाइक और एक्टिवा से पहुंचे 5 से 6 युवकों ने उसे रोक लिया। देखते ही देखते बदमाशों ने बीच सड़क चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन आरोपियों के खौफ के चलते कोई भी युवक को बचाने आगे नहीं आया। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल आयुष को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच करीब छह महीने पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद से लगातार तनाव बना हुआ था।
मृतक के भाई यश साहू ने आरोप लगाया है कि रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल, लखन ठाकुर समेत करीब 10 युवक वारदात में शामिल थे। परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार पैसों को लेकर दबाव बना रहे थे और पहले भी विवाद कर चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीआई बीडी द्विवेदी के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल, काला और उनके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।
रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि खुलेआम अपराधियों का खौफ बढ़ता जा रहा है और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।



