Latest News

जबलपुर में तलाक के बाद भी नहीं थमा विवाद: आरोपी पति ने पत्नी निकिता यादव पर किया चाकू से जानलेवा हमला

तलाक के बाद भी नहीं थमा विवाद: आरोपी पति ने पत्नी निकिता यादव पर किया चाकू से जानलेवा हमला

जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तलाक के बाद भी पत्नी का पीछा कर रहे आरोपी पति ने महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी घमापुर उप निरीक्षक दिनेश गौतम ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बका नुमा चाकू भी जब्त कर लिया गया है।
घमापुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश गौतम के मुताबिक 7 मई की देर रात लगभग ढाई बजे घायल अवस्था में निकिता यादव उम्र 26 वर्ष निवासी शुक्ला होटल, थाना घमापुर थाने पहुंची। महिला के दाहिने हाथ से लगातार खून बह रहा था और वह दर्द से कराह रही थी। महिला की हालत को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने महिला के हाथ में गंभीर चोट होना बताया।
पीड़िता निकिता यादव ने पुलिस को बताया कि उसका अपने पहले पति से तलाक हो चुका था। तलाक के बाद उसने अलग रहना शुरू कर दिया था, लेकिन आरोपी पति लगातार उसे परेशान करता था। महिला ने बताया कि आरोपी आए दिन शराब के नशे में उसके पास पहुंचकर विवाद करता था और उसे धमकियां देता था। कई बार उसने मारपीट भी की, लेकिन सामाजिक बदनामी और बच्चों की जिम्मेदारी के कारण महिला ने पहले कभी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
महिला के अनुसार घटना वाली रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगने लगा। जब निकिता यादव ने घर में खाने का सामान नहीं होने की बात कही और आरोपी को काम-धंधा करने की सलाह दी, तो वह आगबबूला हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में पूजा स्थल के पास रखा बका नुमा लोहे का चाकू उठा लिया और पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला पर जान से मारने की नीयत से कई वार करने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए महिला ने हाथ आगे किए, जिससे चाकू उसके हाथ में जा लगा और हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर घमापुर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया है।
घमापुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
घमापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button