Latest News
जबलपुर में होटल में मिली अज्ञात महिला की लाश, संदिग्ध मौत से सनसनी
होटल में मिली अज्ञात महिला की लाश, संदिग्ध मौत से सनसनी

जबलपुर के धनवंतरी नगर चौराहे के पास स्थित होटल रिलैक्स इन में एक अज्ञात महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला होटल के एक कमरे में मृत अवस्था में मिली। मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि होटल संचालक द्वारा महिला का आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र नहीं लिया गया था, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी और संजीवनी नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और होटल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा होटल स्टाफ और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि महिला की पहचान और उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएफएल टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम द्वारा कमरे से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। वहीं होटल में बिना वैध दस्तावेज के कमरा देने को लेकर होटल प्रबंधन की लापरवाही भी जांच के घेरे में आ गई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।



