IndiaJabalpurLatest NewsMP

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटते ही दतिया में भाजपा में बगावत, जिलाध्यक्ष समेत पदाधिकारियों के इस्तीफे, हाईवे पर चक्काजाम

भाजपा जिलाध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा इस्तीफा, कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव के फैसले को बताया एकतरफा, चार घंटे से अधिक समय तक नेशनल हाईवे जाम, मुख्यमंत्री के खिलाफ लगे नारे

दतिया, SET NEWS। दतिया विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद भाजपा में अभूतपूर्व राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिली। टिकट वितरण के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला संगठन के अनेक पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों तथा भाजपा पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आई है। वहीं कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर भी दिखाई दिया। नेशनल हाईवे क्रमांक-3 (ग्वालियर-झांसी मार्ग) पर चार घंटे से अधिक समय तक चक्काजाम रहा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भाजपा जिलाध्यक्ष के पत्र के अनुसार, इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्थान पर वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (जैसा पत्र में उल्लेखित है) एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नाम संबोधित किया गया है। पत्र में कहा गया है कि दतिया उपचुनाव में प्रत्याशी चयन का निर्णय कार्यकर्ताओं की भावना की उपेक्षा करते हुए एकतरफा लिया गया। इसी कारण जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका पदाधिकारी, 6 मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी तथा विधानसभा क्षेत्र के 291 बूथ अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपने दायित्वों से इस्तीफा देने की घोषणा की है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि यदि चौबीस घंटे के भीतर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाया गया तो प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देकर आंदोलन तेज किया जाएगा।

 

उधर, विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हाईवे पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के विरोध में भी नारे लगाए। बताया जा रहा है कि शाम होते-होते दतिया का बाजार भी बंद करा दिया गया। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, हालांकि देर शाम तक जाम पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका था।

इस बीच, अपुष्ट जानकारी के अनुसार डॉ. नरोत्तम मिश्रा दिल्ली रवाना हो गए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा संगठन की ओर से भी इस्तीफों और घटनाक्रम पर देर रात तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई थी।

Related Articles

Back to top button