Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

गढ़ा में अपराधियों की उल्टी गिनती शुरू! TI प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में 48 घंटे में 9 फरार बदमाश गिरफ्तार”

गढ़ा थाना पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान, चाकूबाजी, अवैध वसूली, मारपीट और धमकी के मामलों में फरार आरोपी सलाखों के पीछे

जबलपुर में अपराधियों के खिलाफ गढ़ा थाना पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा है कि अब फरार बदमाशों की सांसें फूलने लगी हैं। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में महज 48 घंटे के भीतर 5 अलग-अलग मामलों में फरार 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि गढ़ा थाना क्षेत्र में अपराध करने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं है।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में मेहफूज खान उर्फ पिंटू सुल्तानी, निशांत सेन, लक्की अली, गौरव सेन उर्फ बूची, राम वर्मन, लकी शर्मा, सोनू श्रीवास्तव उर्फ बटी, आशुतोष ठाकुर उईक तथा एक विधि-विवादित बालक शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में जबरन शराब के लिए रुपए मांगना, विरोध करने पर मारपीट करना, चाकू से हमला करना, जान से मारने की धमकी देना, रास्ता रोककर अवैध वसूली करना और आम लोगों में दहशत फैलाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज थे। वारदातों के बाद सभी आरोपी फरार चल रहे थे।

थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार की। पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी, संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया। लगातार प्रयासों का परिणाम यह रहा कि सभी फरार आरोपी एक-एक कर पुलिस के शिकंजे में आ गए।

थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने अपराधियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि “गढ़ा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराध कर फरार होना कोई बचाव नहीं है। गढ़ा पुलिस हर आरोपी तक पहुंचेगी और उसे कानून के सामने खड़ा करेगी। आम जनता की सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी है और गुंडागर्दी करने वालों की जगह सिर्फ जेल है।”

गढ़ा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है। वहीं अपराध की दुनिया से जुड़े लोगों के लिए यह स्पष्ट चेतावनी है कि गढ़ा पुलिस अब केवल अपराध दर्ज नहीं कर रही, बल्कि अपराधियों को खोजकर कानून के शिकंजे तक पहुंचाने का काम भी पूरी सख्ती से कर रही है। पुलिस का अभियान लगातार जारी है और फरार अपराधियों की तलाश में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button