SP सम्पत उपाध्याय का बड़ा एक्शन: ASP अनु बेनिवाल और TI मंजू शर्मा की टीम ने जाल बिछाकर देह व्यापार के रैकेट का किया भंडाफोड़, संचालिका सहित 6 आरोपी गिरफ्तार”
ASP अनु बेनिवाल के निर्देशन और TI मंजू शर्मा के नेतृत्व में सुनियोजित कार्रवाई, संचालिका सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, व्हाट्सएप के जरिए होता था ग्राहकों से सौदा

जबलपुर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को मिली विश्वसनीय सूचना के बाद पूरे ऑपरेशन की रणनीति तैयार की गई और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सुहागी के सरस्वती कॉलोनी, पन्नी मोहल्ला में दबिश देकर कथित देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ कर दिया।
पुलिस ने कार्रवाई में जल्दबाजी नहीं दिखाई, बल्कि पहले पूरे मामले की तस्दीक की। एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा गया। जैसे ही सौदा तय होने का संकेत मिला, बाहर तैनात पुलिस टीम ने चारों ओर से मकान को घेर लिया और दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापे के दौरान कथित संचालिका मंजू निखर सहित मुकेश निखर, आरूष निखर, अभय सिंह उर्फ चिंटू, सुबोध कुमार सिंह और संजय चौरसिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से नगद राशि, कई मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने यह जानकारी आई कि कथित रूप से ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया जाता था। तस्वीरें भेजकर सौदा तय किया जाता और फिर उन्हें बुलाया जाता था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस सफल कार्रवाई में ASP अनु बेनिवाल के निर्देशन और TI मंजू शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक दीप्ति मरावी, उप निरीक्षक आकांक्षा सिंह, उप निरीक्षक दिनेश गौतम, उप निरीक्षक गनपत मर्सकोले, प्रधान आरक्षक आनंद यादव, प्रधान आरक्षक निर्मल राय, आरक्षक तीरथ चौरसिया और आरक्षक शशांक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जबलपुर में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनैतिक देह व्यापार और ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि अवैध कारोबार करने वालों के लिए अब कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।



