थाना प्रभारी नितिन कमल की टीम का बड़ा वार: 32 हजार की अवैध शराब जब्त, हर्ष गोटिया गिरफ्तार
गोरखपुर पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार: 316 पाव देशी शराब के साथ हर्ष गोटिया गिरफ्तार, राहुल काला की तलाश जारी

जबलपुर। शहर में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गोरखपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी नितिन कमल के निर्देशन में चौकी रामपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर हर्ष गोटिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 316 पाव (56.880 लीटर) अवैध देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 32 हजार रुपये है, जब्त की गई।
थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि हर्ष गोटिया, निवासी टेंडर-1 माण्डवा बस्ती, शासकीय अस्पताल माण्डवा रामपुर के पास पहाड़ी की झाड़ियों में अवैध शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रामपुर उप निरीक्षक महेन्द्र जाटव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान दो बोरियों में रखी 316 पाव देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में हर्ष गोटिया ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से राहुल काला के कहने पर शराब बेच रहा था। शराब की सप्लाई राहुल काला करता था और बदले में उसे प्रतिदिन 300 रुपये दिए जाते थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हर्ष गोटिया और राहुल काला के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी राहुल काला की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रामपुर उप निरीक्षक महेन्द्र जाटव, आरक्षक रीतेश नेमा और आरक्षक रामकृष्ण शर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
गोरखपुर थाना पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि शहर में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



