Latest News
नामांतरण के एवज में रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त जबलपुर की ट्रैप कार्रवाई, 5 हजार रुपये लेते पकड़ा गया आरोपी पटवारी
नामांतरण के एवज में रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त जबलपुर की ट्रैप कार्रवाई, 5 हजार रुपये लेते पकड़ा गया आरोपी पटवारी

जबलपुर। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने रविवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव तहसील में पदस्थ एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी जमीन के नामांतरण के एवज में आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार आवेदक संदीप कुमार पिता बलराम सिंह निवासी पड़रिया पोस्ट गजे, तहसील गोटेगांव जिला नरसिंहपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माताजी श्रीमती ममता देवी ने ग्राम मुआर तहसील गोटेगांव में 29 अप्रैल 2026 को लगभग 7 एकड़ भूमि खरीदी थी।
उक्त जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए हल्का नंबर-41 ग्राम मुरदई के पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त जबलपुर द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान आरोपी पटवारी 10 हजार रुपये की मांग में से 5 हजार रुपये लेने पर तैयार हो गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
रविवार 1 जून 2026 को गोटेगांव स्थित महिंद्रा शोरूम के बगल में टीला क्षेत्र में संचालित पटवारी के निजी कार्यालय में आरोपी घनश्याम गढ़वाल पिता प्रेम शंकर गढ़वाल उम्र 39 वर्ष निवासी पंचमुखी हनुमान कॉलोनी बरही जिला कटनी को आवेदक से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रैप दल में शामिल रहे अधिकारी-
- इस कार्रवाई में ट्रैप लेइंग ऑफिसर निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव एवं लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।



