पुरानी रंजिश ने लिया खौफनाक मोड़: युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चाकू से हमला कर किया अपहरण का प्रयास
पुरानी रंजिश ने लिया खौफनाक मोड़: युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चाकू से हमला कर किया अपहरण का प्रयास

जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते अपराधियों द्वारा की गई हिंसक वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। यहां पांच युवकों ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले पिस्टल से फायरिंग की, फिर चाकू और पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, घायल युवक को जबरन स्कूटी पर बैठाकर अपहरण करने की कोशिश भी की गई। घटना के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय निखिल रजक उर्फ निक्की निवासी अमखेरा कुदवारी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह फर्नीचर का काम करता है। 17 मई की रात वह अपने दोस्तों हर्ष पटेल और साई केवट के साथ गोहलपुर की ओर जा रहा था। तीनों दोस्त हर्ष पटेल की मोटरसाइकिल से लस्सी पीने के लिए निकले थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे संस्कार परिसर के सामने स्थित अंडा ठेला के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी से पहुंचे पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों की पहचान रंजीत चौधरी, अखिल कश्यप, लक्की चौधरी, करण ठाकुर और भग्गू उर्फ मोहित चौधरी के रूप में हुई है। निखिल ने बताया कि रंजीत चौधरी ने उसे देखते ही पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। हालांकि किस्मत से गोली उसे नहीं लगी। खुद को बचाने के लिए निखिल तुरंत बाइक से कूद गया और अपने साथी साई के साथ नजदीकी कुलिया की ओर भागने लगा।
लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुके। सभी पांचों युवक उसका पीछा करते हुए कुलिया के अंदर तक पहुंच गए। आरोप है कि रंजीत ने वहां दोबारा दो राउंड फायर किए, लेकिन इस बार भी निखिल बाल-बाल बच गया। भागते समय निखिल कुलिया में गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से हमला शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, अखिल कश्यप ने चाकू से हमला किया, जबकि लक्की चौधरी, करण ठाकुर और भग्गू उर्फ मोहित चौधरी ने पत्थरों और चीप से सिर और जांघ पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। युवक के घायल होकर गिरने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोपियों ने उसे जबरदस्ती उठाकर स्कूटी पर बैठाया और हाईवे की ओर ले जाने लगे, जिससे साफ है कि वे अपहरण की भी साजिश रच चुके थे।
हालांकि रास्ते में सारा सिटी के पास उनकी स्कूटी सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर बैठे निखिल, रंजीत और अखिल सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान निखिल के हाथ, पैर और चेहरे पर भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखकर आरोपी घबरा गए और घायल युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
घायल निखिल ने पुलिस को बताया कि सावन के समय हुए पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद गोहलपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फरार हैं, लेकिन उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और अपराधियों के बेखौफ रवैये को उजागर कर दिया है। खुलेआम फायरिंग, चाकूबाजी और अपहरण की कोशिश जैसी घटनाएं आम लोगों के बीच भय का माहौल बना रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर में कानून का डर दोबारा कायम हो सके। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर इन फरार आरोपियों पर कब शिकंजा कसा जाता है।



