जबलपुर के पाटन में बेखौफ चोर, लाचार पुलिस! लगातार वारदातों से दहशत में रहवासी
सूने मकानों पर चोरों का धावा, पाटन पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ा दी है। एक के बाद एक हो रही वारदातों के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ताजा मामला थापक मोहल्ला का है, जहां परिवार के रिश्तेदारी में बाहर जाते ही अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और जेवर चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में फिर आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, थाना पाटन में श्रीमती रूबी पटेल उम्र 40 वर्ष निवासी थापक मोहल्ला ने शिकायत दर्ज कराई है कि 15 मई को सुबह लगभग 11 बजे परिवार के सभी सदस्य जबलपुर एक लगुन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था और उनकी मां सुनीता पटेल पड़ोस में रहती हैं।
18 मई की सुबह करीब 6 बजे सुनीता पटेल ने रूबी पटेल को फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही रूबी पटेल तत्काल जबलपुर से वापस लौटीं और घर पहुंचकर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर अलमारी का लॉक भी तोड़ा गया था। जांच करने पर अलमारी में रखे नगद 15 हजार रुपये, चांदी की दो जोड़ी पायल और सोने की नाक की नथ गायब मिली।
पीड़िता की शिकायत पर पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) एवं 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर घटना के बाद केवल एफआईआर दर्ज कर लेना पुलिस की जिम्मेदारी पूरी नहीं करता। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था बेहद कमजोर दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी पाटन क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर रहवासियों ने थाने का घेराव किया था। लोगों ने खुलकर थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। कई नागरिकों ने आरोप लगाया था कि पुलिस क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर नजर रखने में विफल साबित हो रही है, जिससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात्रि गश्त के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। मोहल्लों में पुलिस की मौजूदगी न के बराबर दिखाई देती है, जिसका फायदा उठाकर चोर लगातार सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। आम नागरिकों में डर का माहौल है और लोग अपने घर छोड़कर बाहर जाने से भी घबरा रहे हैं।
ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर पाटन पुलिस कब तक सिर्फ जांच का आश्वासन देती रहेगी। क्षेत्रवासियों की मांग है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्धों की निगरानी हो और पुराने चोरी के मामलों का खुलासा कर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस जांच की बात कर रही है, लेकिन जनता अब सिर्फ कार्रवाई चाहती है, आश्वासन नहीं। लगातार बढ़ रही घटनाएं पाटन थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।



