रात के अंधेरे में पुलिस का बड़ा प्रहार: जबलपुर में कॉम्बिंग गश्त से अपराधियों में हड़कंप, 234 वारंट तामील
रात के अंधेरे में पुलिस का बड़ा प्रहार: जबलपुर में कॉम्बिंग गश्त से अपराधियों में हड़कंप, 234 वारंट तामील

जबलपुर में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक रातभर विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में कई वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 234 वारंट तामील किए गए। देर रात चली पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
23 मई की रात 9 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई 24 मई की रात करीब 2 बजे तक लगातार जारी रही। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, एएसपी जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एएसपी यातायात सुश्री अंजना तिवारी सहित जिले के सभी एसडीओपी, नगर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी शामिल रहे। पुलिस की अलग-अलग टीमों को शहर और ग्रामीण इलाकों में बांटकर फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई। कई आरोपी ऐसे मिले जो वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे और लगातार अपने ठिकाने बदलकर बचने की कोशिश कर रहे थे।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 121 गैर म्यादी वारंट, 61 गिरफ्तारी वारंट और 52 जमानती वारंट तामील किए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कई वारंटी लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से रात में दबिश देकर इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए यह अभियान बेहद जरूरी हो गया था।
सिर्फ वारंटियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों और संदिग्ध लोगों पर भी पुलिस की नजर रही। देर रात सड़कों पर घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई, वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने कई ऐसे लोगों को भी चिन्हित किया जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लगातार कार्रवाई से अपराधियों के हौसले टूटेंगे और शहर में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने साफ कहा है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता में सुरक्षा का माहौल बनाना पुलिस की प्राथमिकता है और जो अपराधी कानून से बचने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में भी जिलेभर में लगातार कॉम्बिंग गश्त और विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



