Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurMP

अपराध पर एसपी सम्पत उपाध्याय का सख्त रुख, अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

अपराध पर एसपी सम्पत उपाध्याय का सख्त रुख, अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के जल्द निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर थाना और चौकी प्रभारियों तक को अपराधों की विवेचना तेज करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

8 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

गंभीर अपराधों की समीक्षा, जल्द निकाल के निर्देश,
एसपी सम्पत उपाध्याय ने हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों की थानावार समीक्षा की। उन्होंने लंबित गंभीर अपराधों की विवेचना में तेजी लाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जल्द चालान पेश करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा। यदि किसी नाबालिग के जिले से बाहर होने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस टीम रवाना कर उसकी सुरक्षित दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला अपराधों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई,
बैठक में महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। एसपी सम्पत उपाध्याय ने निर्देश दिए कि महिला संबंधी अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर विवेचना पूरी करते हुए समय पर चालान न्यायालय में पेश किया जाए। साथ ही महिला संबंधी शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

फरार आरोपियों और वारंटियों पर शिकंजा,
गंभीर अपराध, साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी के मामलों में फरार आरोपियों और फरार वारंटियों को लेकर भी एसपी ने सख्त निर्देश दिए। जिले से बाहर छिपे आरोपियों की जानकारी जुटाकर विशेष टीमें गठित करने और उन्हें दूसरे जिलों में भेजकर अधिक से अधिक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

CM हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों पर भी फोकस,
सीएम हेल्पलाइन, वरिष्ठ कार्यालयों और जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एसपी सम्पत उपाध्याय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

साइबर अपराध पर ‘गोल्डन ऑवर’ में एक्शन,
बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। सभी थानों में संचालित साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों की शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए पीड़ित को तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए राहत दिलाने का प्रयास किया जाए। गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों पर CEIR पोर्टल के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल बरामद कर संबंधित व्यक्ति को वापस दिलाने के भी निर्देश दिए गए।

CCTNS और डिजिटल पुलिसिंग की भी समीक्षा

बैठक में CCTNS, ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-FIR, ई-चालान और ई-समंस से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। पुलिसकर्मियों को डिजिटल माध्यम से विवेचना, केस डायरी लेखन, घटनास्थल का नक्शा, फोटो, वीडियो और दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से अपनाने के निर्देश दिए गए।

एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि पुलिसिंग में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल कर जांच की गुणवत्ता और पारदर्शिता को और मजबूत किया जाए। उन्होंने सीसीटीएनएस में होने वाली छोटी-छोटी डेटा एंट्री की गलतियों को सुधारात्मक तरीके से ठीक करने और सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर पूर्ण कर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के अंत में एसपी ने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों, महिला अपराधों, साइबर फ्रॉड और फरार आरोपियों के मामलों में पुलिस की कार्रवाई तेज और प्रभावी होनी चाहिए। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण पुलिस की प्राथमिकता रहे, ताकि जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

Related Articles

Back to top button