ड्राई डे पर शराब खपाने की तैयारी पर पुलिस का वार, 112 पेटियों का जखीरा जब्त—मुख्य आरोपी बब्लू पटवा फरार

जबलपुर। 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के ड्राई डे से पहले शराब के कथित अवैध कारोबार पर रांझी पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि शराब का बड़ा स्टॉक सामने आ गया। गांधी व्यायाम शाला क्षेत्र में तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर पुलिस ने करीब 112 पेटियों में 1005 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की।
मुखबिर की सूचना से खुला पूरा खेल,
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि बब्लू उर्फ बल्लू पटवा ड्राई डे का फायदा उठाकर शराब खपाने की तैयारी में था। सूचना मिलते ही CSP सतीश साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने तीन विशेष टीमें तैयार कीं। इसके बाद पुलिस ने बिना भनक लगे तीनों संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
तीन ठिकाने और शराब का बड़ा स्टॉक,
पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से 495 लीटर, 150 लीटर और 360 लीटर शराब बरामद की। कुल मिलाकर 1005 लीटर शराब पुलिस के हाथ लगी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब आखिर कहां से आई और इसे ड्राई डे पर किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी।
दो गिरफ्तार, बब्लू पटवा फरार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महेश यादव और जानी एंथेनी को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी बब्लू उर्फ बल्लू पटवा कार्रवाई से पहले फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए अलग टीम लगाई गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
CSP से लेकर थाना प्रभारी तक—पूरी टीम ने संभाला मोर्चा,
इस कार्रवाई की निगरानी CSP सतीश साहू के निर्देशन में और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में SI सीताराम पकोड़े, ASI मनीष जाटव, गणपत सिंह, सुभाष बागड़ी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम अहिरवार, चंद्रभान सिंह राजपूत, आरक्षक मनीष अहिरवार और अभिषेक मिश्रा की अहम भूमिका रही।
अब शराब के स्रोत तक पहुंचेगी पुलिस,
1005 लीटर शराब की बरामदगी के बाद कहानी यहीं खत्म नहीं होती। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किस स्रोत से आई, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे कहां-कहां खपाने की तैयारी थी। फरार बब्लू उर्फ बल्लू पटवा की गिरफ्तारी के बाद इस कथित नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है। फिलहाल रांझी पुलिस की कार्रवाई के बाद शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।



