कॉम्बिंग गश्त में पुलिस का बड़ा एक्शन: 282 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी भी दबोचे गए
कॉम्बिंग गश्त में पुलिस का बड़ा एक्शन: 282 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी भी दबोचे गए

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर! अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त की गई। 8 अगस्त की रात 9 बजे से 9 अगस्त की रात 2 बजे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कई वर्षों से फरार आरोपियों सहित कुल 282 वारंट तामील किए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित समस्त नगर पुलिस अधीक्षकों, उप पुलिस अधीक्षकों एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में शहर और देहात के थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ कॉम्बिंग गश्त की।
107 गैर जमानती और 102 गिरफ्तारी वारंट तामील
कॉम्बिंग गश्त के दौरान वारंटियों एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई थीं। टीमों का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया।
पुलिस टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर 107 गैर-जमानती वारंट, 102 गिरफ्तारी वारंट और 73 जमानती वारंट, कुल 282 वारंट तामील किए। लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में भी चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। देर रात आने-जाने वाले लोगों से रोक-टोक कर पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
SP सम्पत उपाध्याय ने कहा—अपराधियों पर लगातार रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से कानून से बच रहे अपराधियों को पकड़ना आवश्यक था।
उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



