Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में 25 लाख के बीमे के लालच में पत्नी की हत्या! हादसे की आड़ में रची खौफनाक साजिश

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय कविता चौधरी की सड़क हादसे में हुई मौत अब कथित हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद सनसनीखेज मामला बन गई है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के नाम पर मौजूद 25 लाख रुपये की LIC पॉलिसी, अन्य बीमा और एक्सीडेंटल डेथ क्लेम की रकम हासिल करने के लालच में उसके पति प्रयास पांडे ने हत्या की साजिश रची।

सड़क हादसा नहीं, हत्या की साजिश का पुलिस को शक,
4 सितंबर को कविता स्कूटी से जा रही थी। कंतोरा-रानीताल क्षेत्र में लोडिंग वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो कथित साजिश की परतें खुलने लगीं।

घात लगाकर बैठे थे आरोपी,
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कविता को निशाना बनाने के लिए कई घंटों तक इलाके में इंतजार किया। जैसे ही कविता लाल रंग की स्कूटी से वहां पहुंची, लोडिंग वाहन से उसे टक्कर मार दी गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

पति ने दिखाई थी पत्नी की फोटो,
जांच में पुलिस के सामने आया कि प्रयास पांडे ने कथित तौर पर आरोपियों को कविता की फोटो दिखाई थी और बताया था कि वह लाल रंग की स्कूटी से आएगी। आरोप है कि 3 सितंबर को पाटन कोर्ट के बाहर आरोपियों के साथ बैठक कर वारदात की योजना बनाई गई थी।

हत्या के लिए किराए पर लिया लोडिंग वाहन,
पुलिस के मुताबिक, वारदात को सड़क हादसे का रूप देने के लिए लोडिंग वाहन का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि वाहन को 11 महीने के एग्रीमेंट पर किराए से दिलाया गया था। इसी वाहन से कविता की स्कूटी को टक्कर मारने की साजिश रची गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पति फरार,
पुलिस ने मामले में विक्रम चौधरी, रामजी चौधरी और करिया उर्फ धनीराम चौधरी को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी पति प्रयास पांडे की तलाश जारी है। उसके सहायक मानसिंह लोधी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बीमा की रकम बनी हत्या की वजह?
पुलिस जांच के मुताबिक कविता के नाम पर 25 लाख रुपये की LIC पॉलिसी के अलावा अन्य बीमा पॉलिसियां भी थीं। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाले क्लेम की रकम भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बीमा पॉलिसियों के लाभार्थी कौन थे और हत्या की कथित साजिश में किसकी क्या भूमिका रही।

2024 में हुई थी कोर्ट मैरिज,
पुलिस के मुताबिक कविता मूल रूप से नरसिंहपुर की रहने वाली थी और पूर्व में निजी बीमा कंपनी में काम करती थी। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात प्रयास पांडे से हुई थी और 2024 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों भेड़ाघाट के आमाहिनोता क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे।

अब जांच से सामने आएगा पूरा सच,
फिलहाल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मुख्य आरोपी प्रयास पांडे की तलाश कर रही है। पुलिस जांच में बीमा पॉलिसियों, मोबाइल संपर्क, वाहन की व्यवस्था और आरोपियों के बीच हुई बातचीत सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मामले में पुलिस के आरोप और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरी साजिश की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।

Related Articles