चलती स्विफ्ट में लगी आग, बाल-बाल बचे कार सवार, दमोह से पान उमरिया जा रहे थे युवक, धुआं उठते ही कार छोड़कर भागे, पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से बुझाई आग

जबलपुर/सिहोरा। दमोह से पान उमरिया एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे युवकों की लाल रंग की स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार से धुआं उठता देखकर उसमें सवार सभी युवक घबरा गए और समय रहते वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक MP 34 ZH 6571 से युवक पान उमरिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुआं बढ़ता देख कार में सवार लोगों ने वाहन रोक दिया और तत्काल बाहर निकल गए। देखते ही देखते कार आग की चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची-
घटना की सूचना मिलते ही टीआई प्रतीक्षा मार्को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई।
समय रहते बाहर निकले युवक-
आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। समय रहते कार से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही हैं।



