Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

क्राइम ब्रांच का बड़ा शिकंजा! हत्या-हत्या प्रयास का इनामी शेख आदिल गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

क्राइम ब्रांच का बड़ा शिकंजा! हत्या-हत्या प्रयास का इनामी शेख आदिल गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

जबलपुर। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी शेख आदिल को जबलपुर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी थाना माढ़ोताल क्षेत्र में हुए अनिराज नायडू हत्याकांड और थाना ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के मामले में फरार था। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती से दबोचा।

मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल,
क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार इनामी आरोपी शेख आदिल पिता शेख निजाम, उम्र 35 वर्ष, निवासी रिपटा के पास नया मोहल्ला, बड़ी ओमती भूलन बस्ती स्थित एक मकान में छिपकर फरारी काट रहा है।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी की और आरोपी शेख आदिल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की कमर में एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में चार कारतूस लोड थे।

पूछताछ में खुला अवैध हथियारों का राज,
क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मकान की तलाशी ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस को बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 4 कट्टे, 2 एयर गन, 1 तलवार, 1 बका और 1 चाकू बरामद किया। इसके अलावा 54 कारतूस, 68 फायर किए हुए खाली खोखे और 9 खाली मैगजीन भी जब्त की गईं। पुलिस को 23 मोबाइल फोन और आरोपी के नाम का एक पासपोर्ट भी मिला है।

अनिराज नायडू हत्याकांड में भी था फरार,
पुलिस के अनुसार शेख आदिल थाना माढ़ोताल के अपराध क्रमांक 903/2023 में धारा 302 भादवि के तहत दर्ज अनिराज नायडू हत्याकांड में फरार था। इसके अलावा थाना ग्वारीघाट के अपराध क्रमांक 365/23 में धारा 307, 34 भादवि के तहत दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में भी उसकी तलाश थी।

क्राइम ब्रांच अब आरोपी से दोनों मामलों के अलावा बरामद हथियारों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आए और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।

छोटू चौबे गैंग से जुड़ा होने का दावा,
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शेख आदिल, कुख्यात बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में हथियारों की खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

मामले में शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे और बाबू सिंधी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार हथियारों को बिक्री के लिए रखने और सप्लाई किए जाने से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।

SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई,
फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले की पुलिस को निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह ने क्राइम ब्रांच को फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय किया।

कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में की गई।

इस कार्रवाई में डीएसपी शैलेष मिश्रा, उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रशांत सोलंकी, संतोष पाण्डे, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह, सुतेन्द्र यादव तथा आरक्षक प्रीतम उपाध्याय, शिव सिंह, अजीत कुमार, सत्येन्द्र बिसेन, मुकेश परिहार, इंद्रजीत, संतोष शाह, राजेश मिश्रा, राजेश मात्रे और आशुतोष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस हथियारों के पूरे नेटवर्क पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किन वारदातों में हुआ और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस पूछताछ में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button