Latest News
जबलपुर के रांझी में दिनदहाड़े फायरिंग… सिविल इंजीनियर को सिर में मारी गोली, हालत गंभीर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज, पुलिस ने कहा जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
रांझी में दिनदहाड़े फायरिंग... सिविल इंजीनियर को सिर में मारी गोली, हालत गंभीर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज, पुलिस ने कहा जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी

जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक गंभीर फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें अज्ञात बदमाशों ने एक सिविल इंजीनियर को निशाना बनाते हुए उनके सिर में गोली मार दी। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
काम पर जाते समय बनाया निशाना-
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ा पत्थर क्षेत्र निवासी क्लेरिंस, जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं, रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अपनी बाइक (क्रमांक MP 20 NW 1145) से काम पर जा रहे थे। जैसे ही वे संजय नगर इलाके में पहुंचे, वहां पहले से मौजूद दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सिर पर गोली चला दी। गोली लगते ही क्लेरिंस गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सुबह का समय होने के कारण आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी-
सूचना मिलते ही रांझी सीएसपी सतीश साहू और थाना प्रभारी उमेश गोलहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को बिना देरी किए निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताई है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग-
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध युवक बाइक से तेजी से भागते नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
जांच के विभिन्न पहलुओं पर फोकस
पुलिस इस मामले की जांच विभिन्न एंगल से कर रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना को आपसी रंजिश या पेशेवर विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके तहत घायल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), परिचितों और हालिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

नाकेबंदी और दबिश जारी-
घटना के बाद रांझी समेत आसपास के क्षेत्रों में सघन नाकेबंदी कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से काम कर रही है।



