Latest News

जबलपुर: पाटन में चोरों का आतंक, पुलिस गश्त पर उठे सवाल सूने मकान में लाखों पर हाथ साफ, आखिर किसके संरक्षण में बेखौफ घूम रहे चोर?

पाटन में चोरों का आतंक, पुलिस गश्त पर उठे सवाल सूने मकान में लाखों पर हाथ साफ, आखिर किसके संरक्षण में बेखौफ घूम रहे चोर?

जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात ऐसे हो चुके हैं कि अब चोरों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा। ताजा मामला चौपाटी वार्ड का है, जहां परिवार के भंडारे में शामिल होने के दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद एक बार फिर पाटन पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।

जानकारी के मुताबिक चौपाटी वार्ड निवासी पलक पटेल ने पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 मई 2026 की रात पूरा परिवार ग्वारीघाट में आयोजित भंडारे में शामिल होने गया था। घर से निकलते समय मकान के सभी दरवाजों और मेन गेट में ताला लगाया गया था। लेकिन देर रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के बाहर संदिग्ध हलचल दिखाई दी।

पीड़िता के अनुसार रात करीब 1:40 बजे जैसे ही उन्होंने अपनी बहनों के साथ मेन गेट खोला, तभी एक युवक दीवार कूदकर भागता दिखाई दिया, जबकि दूसरा युवक मकान की छत से पीछे की ओर छलांग लगाकर फरार हो गया। जब परिवार ने घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारियों के ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। चोर घर में रखे करीब 55 हजार रुपये नकद, चांदी की चैन, अंगूठी और ब्रेसलेट चोरी कर ले गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाटन क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक चोरों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आती है, जबकि चोर खुलेआम मकानों को निशाना बना रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? क्या उन्हें किसी का संरक्षण मिल रहा है या फिर पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली का फायदा उठाकर अपराधी लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं? क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

फिलहाल पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस चोरों तक कब पहुंचती है और क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर कब तक लगाम लगाती है।

Related Articles

Back to top button