तलवार-चाकू लेकर घर में घुसे बदमाश, घमापुर पुलिस ने सड़कों पर निकाला जुलूस, अपराध करना पाप है…” के नारे लगवाकर पुलिस ने बदमाशों को दिया सख्त संदेश
तलवार-चाकू लेकर घर में घुसे बदमाश, घमापुर पुलिस ने सड़कों पर निकाला जुलूस, अपराध करना पाप है...” के नारे लगवाकर पुलिस ने बदमाशों को दिया सख्त संदेश

जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद घमापुर पुलिस ने दोनों बदमाशों का इलाके में जुलूस निकाला और उनसे “अपराध करना पाप है, पुलिस तुम्हारी बाप है” के नारे लगवाए। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि अच्छेमिया का बाड़ा शीतलामाई निवासी 25 वर्षीय आकाश राजपूत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार 24 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान क्षेत्र के राज सोनकर और साहिल ठाकुर उसके घर के अंदर घुस आए। दोनों पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे और देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक राज सोनकर ने अपने पास रखी तलवार से हमला कर आकाश के बाएं हाथ में गंभीर चोट पहुंचाई। वहीं साहिल ठाकुर ने हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए उसके सीने में चोट पहुंचाई। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे प्रकाश सिंह राजपूत पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। साहिल ठाकुर ने चाकू से वार कर प्रकाश सिंह के दाहिने हाथ में चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए घमापुर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने धारा 296(ए), 109(1), 118(1), 351(2), 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी दिनेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों का इलाके में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सड़कों पर निकाले गए जुलूस के दौरान बदमाशों से नारे लगवाए गए ताकि क्षेत्र में यह संदेश जाए कि अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस अब पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार इसी तरह कार्रवाई होती रही तो क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी। पुलिस अधिकारियों ने भी साफ कर दिया है कि शहर में गुंडागर्दी, हथियारबाजी और दहशत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



