जबलपुर में ₹100 के भुगतान पर खूनी खेल! टायर दुकानदार और भाई पर युवक को चाकू मारने का आरोप
₹100 के भुगतान पर खूनी खेल! टायर दुकानदार और भाई पर युवक को चाकू मारने का आरोप

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में टायर बदलने के महज ₹100 के भुगतान को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। डरगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद गुफरान ने आरोप लगाया है कि टायर बदलवाने के बाद भुगतान को लेकर हुए विवाद में दुकानदार अनस और अरशद ने उस पर टायर काटने वाले चाकू से हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, टायर बदलने का कुल खर्च ₹1400 था। उसने ₹1300 नकद दे दिए और बाकी ₹100 ऑनलाइन देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों आरोपियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने गुफरान के सीने और बाएं हाथ पर चाकू से वार कर दिए।
हमले में घायल गुफरान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने मीडिया को पूरी घटना बताई। पीड़ित और उसके परिजनों ने हनुमानताल थाना पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस अब घटना के कारणों, हमले में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।



