जबलपुर में 82 लाख की लूट से मचा हड़कंप! थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार की तत्परता से बदमाशों की कार छूटी, लूट का माल बरामद—आरोपियों की तलाश जारी

जबलपुर। रात का सन्नाटा, सुनसान रास्ता और अचानक सामने आए तीन बदमाश! चाकू और पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाकर कार सवारों को डराया गया और लाखों रुपये के जेवर, नकदी व अन्य सामान से भरी कार लेकर बदमाश फरार हो गए। अधारताल थाना क्षेत्र के खजरी खिरिया बायपास के पास हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। लेकिन घटना के बाद थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में अधारताल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
कटनी से लौट रहे थे दीपक जैन, रास्ते में बनाया निशाना
पुलिस डायरी में दर्ज, शिकायत के अनुसार, दीपक जैन अपनी कार क्रमांक MP20ZM8311 से कटनी से लौट रहे थे। खजरी खिरिया बायपास के पास धर्मकांटा के सामने वह बाथरूम करने के लिए रुके, जबकि उनके साथी आकाश सोनी कार में बैठे थे। इसी दौरान एक्टिवा जैसी गाड़ी से आए तीन अज्ञात युवक रास्ता पूछने के बहाने पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने कार की चाबी निकाल ली और चाकू व छोटी बंदूक जैसी वस्तु दिखाकर दोनों को डरा दिया। इसके बाद कार लेकर फरार हो गए।
कार में था सोना-चांदी, नकदी और मोबाइल,
शिकायत में कार सहित कुल मशरूका की कीमत करीब 81 लाख 37 हजार रुपये बताई गई है। इसमें चांदी के जेवर, सोने के आभूषण, कच्चा सोना, करीब 5 लाख 17 हजार रुपये नकद और मोबाइल शामिल थे। इतनी बड़ी रकम और कीमती सामान की लूट के बाद मामला गंभीर हो गया।
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार और टीम की कार्रवाई,
घटना के बाद थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में अधारताल थाना पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए और लूटे गए माल की बरामदगी की गई। हालांकि, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की तलाश जारी है। पुलिस अब फरार बदमाशों तक पहुंचने और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
अब फरार आरोपियों पर शिकंजे की तैयारी,
अधारताल थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। इस घटना में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार और अधारताल थाना पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।



