Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद! गोलीकांड के बाद चाकूबाजी और लूट, लॉर्डगंज में पुलिस गश्त पर उठे सवाल

जबलपुर। शहर में अपराध की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में रानीताल पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर पर चाय पीकर लौट रहे युवकों के साथ चाकूबाजी और लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि दो गाड़ियों से पहुंचे करीब पांच बदमाशों ने युवकों को घेरकर पैसों की मांग की। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया और छह हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

चाय पीकर लौट रहे थे युवक, रास्ते में घेर लिया,
पीड़ित मोहम्मद अतर अंसारी के मुताबिक, रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोस्तों का फोन आया, जिसके बाद वह उनके साथ मंडी में चाय पीने चले गए। चाय पीने के बाद जब वह अपने छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन और अन्य साथियों के साथ लौट रहे थे, तभी रानीताल पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर के मोड़ पर बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से युवक संभल पाते, उससे पहले ही आरोपियों ने पैसों की मांग शुरू कर दी।

विरोध किया तो चाकू से हमला, छह हजार रुपये लूटे,
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने मोहम्मद अतर अंसारी से चार हजार रुपये और उनके छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन से दो हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मोहम्मद अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के मुताबिक, घायल का इलाज जारी है और उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गोलीकांड के बाद दूसरी वारदात, गश्त पर सवाल,
शहर में पहले गोलीकांड और अब चाकूबाजी व लूट की घटना सामने आने के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और संवेदनशील इलाकों में निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वारदात के समय बदमाशों का युवकों को घेरना और हमला कर फरार हो जाना चिंता का विषय है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के संबंध में अंतिम स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

CSP अखिलेश गौर ने कही कार्रवाई की बात,
CSP अखिलेश गौर के मुताबिक, मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि जांच में आरोपियों की पहचान कब होती है और उन्हें गिरफ्तार कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles