Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

बीच सड़क बहा खून, युवक की हत्या के बाद थाने में फूटा परिजनों का गुस्सा; न्याय और कड़ी कार्रवाई की मांग तेज

बीच सड़क बहा खून, युवक की हत्या के बाद थाने में फूटा परिजनों का गुस्सा; न्याय और कड़ी कार्रवाई की मांग तेज

जबलपुर के बेलबाग थाना क्षेत्र के बाई का बगीचा में दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बीच सड़क हुए इस खूनी हत्याकांड के बाद मृतक विशाल सोनकर के परिजन न्याय की मांग को लेकर बेलबाग थाना पहुंच गए, जहां उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। हालांकि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचते, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।

घटना बेलबाग थाना क्षेत्र के बाई का बगीचा इलाके की है। जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और विशाल सोनकर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल विशाल सोनकर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में इस हत्याकांड में सिंधी सोनकर, राजा सोनकर, समान और अन्ना के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद मृतक विशाल सोनकर के परिजन बड़ी संख्या में बेलबाग थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि हत्या जैसी गंभीर वारदात में शामिल हर आरोपी की गिरफ्तारी जरूरी है। उनका आरोप है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक परिवार खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेगा।

वहीं बेलबाग थाना पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना गंभीरता से की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों सिंधी सोनकर, राजा सोनकर, समान और अन्ना की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मृतक विशाल सोनकर के परिजनों की मांग है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत ऐसी सजा दिलाई जाए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की वारदात को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके।

Related Articles

Back to top button