Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

मेडिकल कॉलेज की कैश शाखा में 1 करोड़ों 63 लाख के हिसाब का खेल? डीन की शिकायत पर FIR, तीन कर्मचारी हिरासत में—गढ़ा पुलिस की पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज

मेडिकल कॉलेज की कैश शाखा में करोड़ों का हिसाब! 5 पर FIR, 3 पुलिस हिरासत में—डीन की शिकायत से मचा हड़कंप

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की कैश शाखा से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितता का मामला अब पुलिस जांच के घेरे में है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जबकि तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की पूछताछ में कैश शाखा के लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड को लेकर कई अहम जानकारी सामने आने की संभावना है।

मामले में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना की शिकायत पर गढ़ा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। उपलब्ध दस्तावेजों में 1 करोड़ 63 लाख 78 हजार 456 रुपये से जुड़ी राशि का उल्लेख है, वहीं जांच में 67 लाख 37 हजार 611 रुपये के कथित वित्तीय अंतर की बात भी सामने आई है।

पांच के खिलाफ मामला, तीन पुलिस हिरासत में,
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में मनोहर केवट, साधना चंदौल, भानु सिंह शाक्यवार, अरविन्द धुर्वे और विशाल सराठे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें से भानु सिंह शाक्यवार, अरविन्द धुर्वे और विशाल सराठे को पुलिस ने हिरासत में लिया है। तीनों से कैश शाखा में उनके कार्यकाल, जिम्मेदारियों और वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कैश शाखा में प्राप्त राशि का रिकॉर्ड किस तरह तैयार किया जाता था और बैंक खातों में कितनी राशि जमा की गई। साथ ही कैश रिकॉर्ड, मनी रसीद और बैंक खातों के बीच सामने आए कथित अंतर की वजह भी खंगाली जा रही है।

डीन डॉ. नवनीत सक्सेना की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई,
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने गढ़ा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित 318(4),316(5),और 61(2) बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज करते हुए जांच शुरू की। कैश शाखा में छात्र फीस, OPD, IPD और अन्य मदों से प्राप्त राशि का लेन-देन होता है। अब पुलिस इन सभी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुराने कैश बुक, रसीद बुक, बैंक स्टेटमेंट और जमा पर्चियों का मिलान भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा बोले—पूछताछ जारी,
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के डीन की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कथित वित्तीय अंतर किस अवधि में सामने आया और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। पूछताछ में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा सकती है।

तीन हिरासत में, पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज,
अब पुलिस की पूछताछ इस पूरे मामले की अहम कड़ी बन गई है। हिरासत में लिए गए तीनों कर्मचारियों से उनके कार्यकाल और कैश शाखा की जिम्मेदारियों को लेकर सवाल किए जा रहे हैं।

मेडिकल कॉलेज की कैश शाखा में कथित वित्तीय अंतर आखिर कैसे पैदा हुआ? राशि के रिकॉर्ड और बैंक जमा में अंतर क्यों आया? क्या यह किसी एक कर्मचारी की जिम्मेदारी है या पूरा मामला आपसी मिलीभगत से जुड़ा है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

फिलहाल गढ़ा थाना पुलिस की जांच जारी है और तीनों हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में पांच लोगों पर FIR और तीन की हिरासत के बाद अब यह देखना अहम होगा कि पुलिस की जांच में आगे और कौन-कौन से तथ्य तथा नाम सामने आते हैं।

Related Articles

Back to top button