रांझी की गलियों में खाकी का सख्त पहरा! बाइकों पर निकली पुलिस, खुले में शराबखोरी पर जमकर लगाई फटकार
बड़ा पत्थर से मरघटाई तक सरप्राइज चेकिंग, सड़क पर शराब पीने वालों से कराई उठक-बैठक; अतिक्रमणकारियों को भी दी समझाइश

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी की शिकायतों को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी उमेश गोलानी के नेतृत्व में पुलिस टीम हाथों में डंडे लेकर मोटरसाइकिलों पर सवार हुई और क्षेत्र की गलियों, बाजारों तथा सुनसान इलाकों में अचानक गश्त शुरू कर दी। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से खुले में शराब पीने वालों और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
चार पहिया नहीं पहुंचा, तो बाइकों से गलियों में उतरी पुलिस,
रांझी पुलिस ने उन इलाकों को अभियान का हिस्सा बनाया, जहां संकरी गलियों के कारण बड़े पुलिस वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। बड़ा पत्थर, सरस्वती शिशु मंदिर ग्राउंड, गांधी चौक और मरघटाई सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीम ने बाइक से गश्त करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। शराब दुकानों के आसपास भी पुलिस ने विशेष निगरानी रखी।
सड़क किनारे खुलेआम शराबखोरी पर पुलिस की सख्ती,
गश्त के दौरान पुलिस को कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें फटकार लगाई और वहां से हटाया। कुछ लोगों को सड़क पर ही उठक-बैठक करवाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर आम लोगों के लिए परेशानी या हुड़दंग पैदा करने वालों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांधी चौक पर यातायात में बाधा डालने वालों को चेतावनी,
पुलिस टीम गांधी चौक भी पहुंची। यहां सड़क किनारे दुकानें लगाकर रास्ता बाधित करने वालों को समझाइश दी गई। पुलिस ने दुकानदारों से कहा कि सड़क और फुटपाथ पर इस तरह सामान न रखें जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी हो। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की।
मरघटाई के सुनसान इलाकों पर भी पुलिस की नजर,
अभियान के दौरान मरघटाई क्षेत्र के अंदरूनी और सुनसान स्थानों पर भी पुलिस ने गश्त की। पुलिस का कहना है कि ऐसे स्थानों पर असामाजिक तत्वों के जमावड़े और खुले में शराबखोरी की शिकायतें मिलने पर लगातार निगरानी की जा रही है।
सरप्राइज चेकिंग आगे भी रहेगी जारी,
थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाइक गश्त और अचानक चेकिंग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस विशेष रूप से उन स्थानों पर नजर रखेगी जहां खुले में शराबखोरी, हुड़दंग या अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती हैं।
रांझी पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस की बाइक गश्त से यह संदेश जरूर गया कि अब रांझी की मुख्य सड़कों के साथ-साथ गलियों और सुनसान इलाकों में भी खाकी की नजर रहेगी।



