जनसुनवाई में SP सम्पत उपाध्याय सख्त, 102 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
जनसुनवाई में SP सम्पत उपाध्याय सख्त, 102 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

जबलपुर में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने स्वयं लोगों की शिकायतें सुनीं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई के दौरान कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पति-पत्नी और पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी मामले, मारपीट की घटनाएं तथा साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। SP सम्पत उपाध्याय ने सभी शिकायतकर्ताओं को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आकांक्षा उपाध्याय भी मौजूद रहे।
वहीं, SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, शहर और ग्रामीण थानों एवं चौकियों में भी जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनी गईं, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।



