अपराधियों पर SP सम्पत उपाध्याय का शिकंजा! 21 मामलों वाले बदमाश मोहन चोटी पर NSA की कार्रवाई, रांझी पुलिस ने पहुंचाया जेल
रांझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई—फरार बदमाश NSA वारंट में गिरफ्तार, थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी की टीम ने निभाई अहम भूमिका

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर। लगातार आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाले बदमाशों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में रांझी थाना पुलिस ने 21 आपराधिक मामलों में दर्ज शातिर बदमाश मोहन चौधरी उर्फ मोहन चोटी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम यानी NSA के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मोहन चौधरी उर्फ मोहन चोटी, पिता दशरथ उर्फ सुखलाल चौधरी, उम्र 28 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती, झंडा चौक, थाना रांझी के खिलाफ वर्ष 2015 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज होते रहे हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट, चोरी और लूट सहित कुल 21 अपराध दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में सुधार नहीं आया।
बताया गया कि मोहन चोटी अवैध वसूली के दो मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ था और लोग उसके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई का निर्णय लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय की भूमिका महत्वपूर्ण रही। एसपी सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी जबलपुर राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ NSA के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई को आगे बढ़ाया। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में रांझी पुलिस ने NSA वारंट की तामील करते हुए मोहन चौधरी उर्फ मोहन चोटी को गिरफ्तार किया।
पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में भी विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई और अंततः उसे केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया।
जबलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि लगातार अपराध कर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त वैधानिक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
SP सम्पत उपाध्याय के निर्देशन, DM राघवेन्द्र सिंह के आदेश और ASP अंजना तिवारी, CSP सतीष कुमार साहू तथा थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में रांझी पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।



