Latest News

अहमदाबाद-रांची फ्लाइट की जबलपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री की मौत से मचा हड़कंप

अहमदाबाद-रांची फ्लाइट की जबलपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री की मौत से मचा हड़कंप

जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एयरबस-320 फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट में सफर कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पायलट ने तुरंत डुमना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर आपात स्थिति की जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट अहमदाबाद से रांची के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान रांची निवासी यात्री सुधीर कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर्स ने प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती चली गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एटीसी की अनुमति मिलते ही फ्लाइट को सुरक्षित रूप से डुमना एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरपोर्ट पर पहले से मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई थी। यात्री सुधीर कुमार को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक सुधीर कुमार अपने फेफड़ों (लंग्स) के इलाज के लिए अपनी बहन के साथ अहमदाबाद गया था। इलाज के बाद वह वापस रांची लौट रहा था, तभी फ्लाइट में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद यात्रियों के बीच भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं। आवश्यक कार्रवाई के बाद फ्लाइट को आगे रांची के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Related Articles

Back to top button