Latest News

आबकारी की मिलीभगत से धड़ल्ले से चल रहे अवैध आहाते! शराब ठेकेदारों ने पुलिस कार्रवाई को दिखाया ठेंगा

सब सेट है...” कहकर चल रहे अवैध आहाते! आबकारी की मेहरबानी से शराब ठेकेदारों ने पुलिस कार्रवाई को बनाया मजाक

जबलपुर शहर में अवैध शराब कारोबार और शराब दुकानों के बाहर संचालित हो रहे अवैध आहातों ने आबकारी विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कई इलाकों में शराब ठेकेदार, उनके मैनेजर और कर्मचारी खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि आबकारी विभाग की कथित मिलीभगत के चलते पुलिस की कार्रवाई भी बेअसर साबित हो रही है।

सूत्रों और स्थानीय लोगों के मुताबिक ओमती थाना क्षेत्र के विलूम चौक, अधारताल के महाराजपुर और रड्डी चौकी, विजयनगर के एसबीआई चौक, दीनदयाल बस स्टैंड, माढ़ोताल के कटंगी बायपास आईटीआई चौराहा और अमखेरा क्षेत्र में देर रात तक शराब बिक्री और अवैध आहाते संचालित हो रहे हैं। दुकानों के बाहर सड़क किनारे, खाली प्लॉट और पीछे के हिस्सों में लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शराब दुकान के ठेकेदारों के मैनेजर और कर्मचारी शटर बंद होने के बाद भी पीछे के रास्तों से शराब बेचते हैं। कई जगह कर्मचारियों द्वारा खुलेआम शराबियों को बैठाने और शराब परोसने का काम किया जा रहा है। इसके बावजूद आबकारी विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही।

रहवासियों का कहना है कि इन अवैध आहातों में देर रात तक गाली-गलौज, मारपीट और हंगामा होता है, जिससे महिलाओं और परिवारों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कई शराब दुकानें पुलिस चौकी और मुख्य सड़कों के पास स्थित हैं, लेकिन कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित नजर आती है।

लोगों का आरोप है कि शराब ठेकेदारों के कर्मचारी और मैनेजर खुलेआम कहते फिरते हैं कि “कुछ नहीं होगा”, जिससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें प्रशासनिक संरक्षण का भरोसा है। यही वजह है कि पुलिस की कार्रवाई को भी खुलेआम ठेंगा दिखाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button