गढ़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: धनवंतरी नगर शराब दुकान से भेजी जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी, बोलेरो जब्त, तीन आरोपियों पर शिकंजा
गढ़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: धनवंतरी नगर शराब दुकान से भेजी जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी, बोलेरो जब्त, तीन आरोपियों पर शिकंजा

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जबलपुर पुलिस का अभियान लगातार असर दिखा रहा है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गढ़ा थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए धनवंतरी नगर शराब दुकान से कथित रूप से भेजी जा रही अवैध शराब की खेप को बीच रास्ते में पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 150 पाव देशी शराब, शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (एमपी-20-टीए-1063) जब्त किया गया तथा दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, शराब भेजने के आरोप में धनवंतरी नगर शराब दुकान के मैनेजर विवेक सिंह को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर तत्काल पुलिस टीम के साथ मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग के सामने घेराबंदी की। संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें आगे की सीट के पास रखे तीन कार्टनों से 150 पाव देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अमित मेश्राम और गोपाल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वे यह शराब धनवंतरी नगर शराब दुकान से लेकर शास्त्रीनगर निवासी टोनी के यहां पहुंचाने जा रहे थे। दोनों ने यह भी स्वीकार किया कि शराब की खेप दुकान के मैनेजर विवेक सिंह द्वारा भेजी गई थी। पुलिस ने तत्काल तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रंजीत सिंह, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, आरक्षक शैलेन्द्र पाटकर, आरक्षक गौरव तिवारी एवं आरक्षक भगवान सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय की सराहना की।
जबलपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे शराब की तस्करी हो या नियमों का उल्लंघन, कानून तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



