जबलपुर: कुएं में मिली लाश, खून से सना घर और फिर खुला हत्या का खौफनाक राज, 75 वर्षीय महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंका, रांझी पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
कुएं में मिली लाश, खून से सना घर और फिर खुला हत्या का खौफनाक राज, 75 वर्षीय महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंका, रांझी पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

कुएं में मिली लाश, खून से सना घर और रहस्य से घिरी हत्या… लेकिन रांझी पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड की ऐसी गुत्थी सुलझाई कि पूरा शहर हैरान रह गया। लूट की नीयत से बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंकने वाले 10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर दिया है।

जबलपुर। हनुमान नगर में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला किसी रहस्य और सस्पेंस से कम नहीं था। घर के अंदर खून के धब्बे, फर्श पर घसीटने के निशान, बिखरा सामान और आंगन के कुएं में उतराता शव… जिसने भी यह मंजर देखा उसकी रूह कांप उठी। पूरे इलाके में सिर्फ एक ही सवाल था कि आखिर 75 वर्षीय पुष्पा शर्मा की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और क्यों की?

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था। पुलिस के सामने भी यह एक अंधा हत्याकांड था, जहां शुरुआत में कोई प्रत्यक्ष गवाह नहीं था और न ही आरोपी का कोई सुराग। लेकिन रांझी पुलिस ने हार नहीं मानी और इसी जिद ने आखिरकार इस सनसनीखेज हत्याकांड की परत-दर-परत सच्चाई सामने ला दी।

जांच में सामने आया कि आरोपी रामगोपाल मिश्रा लूट की नीयत से बुजुर्ग महिला के घर में घुसा था। रात के सन्नाटे में जब उसका सामना पुष्पा शर्मा से हुआ तो उसने पहले हाथ-मुक्कों से हमला किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने घर में रखी गगरी उठाकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। हत्या के बाद आरोपी ने अपने अपराध को छिपाने के लिए ऐसा कदम उठाया जिसने पूरे शहर को हैरान कर दिया। उसने शव को घर के अंदर से घसीटते हुए आंगन तक पहुंचाया और कुएं में फेंक दिया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे और मामला हादसा प्रतीत हो।
अगले दिन जब परिजन घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में फैला खून और कुएं में मिला शव पूरे क्षेत्र में सनसनी फैलाने के लिए काफी था। सूचना मिलते ही रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, सीएसपी रांझी सतीष कुमार साहू और रांझी पुलिस की विशेष टीम ने मामले की बारीकी से जांच की। घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
लगातार दबिश और सघन जांच के बाद 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी रामगोपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही उस हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया जिसने कई दिनों तक पूरे शहर को दहशत में रखा था।
यह सफलता रांझी पुलिस की सूझबूझ, वैज्ञानिक जांच और अथक मेहनत का परिणाम है। जिस मामले में शुरुआत में कोई ठोस सुराग नहीं था, उसी अंधे हत्याकांड का खुलासा कर पुलिस ने साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी कर ले, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।



