Latest News

जबलपुर: घटना के कई दिन बाद भी पाटन थाना पुलिस हाथ खाली , CCTV के बावजूद ट्रैक्टर चोरों तक नहीं पहुंच पाई

घटना के कई दिन बाद भी खाली हाथ पाटन थाना पुलिस, CCTV के बावजूद ट्रैक्टर चोरों तक नहीं पहुंच पाई

जबलपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पाटन थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। टिमरी गांव में हुई ट्रैक्टर चोरी की घटना को कई दिन बीत चुके हैं, इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है, जबकि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

जानकारी के अनुसार, टिमरी गांव निवासी किसान नरेंद्र साहू रोज की तरह खेत से काम खत्म कर घर लौटे और अपना ट्रैक्टर घर के बाहर बने गेराज में खड़ा कर दिया। रात के समय अज्ञात चोर वहां पहुंचे और गेराज में खड़े दो ट्रैक्टरों में से एक नया जॉन डियर ट्रैक्टर चोरी कर ले गए।

सुबह जब किसान की नजर गेराज पर पड़ी तो ट्रैक्टर गायब था। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें चोरों की गतिविधियां साफ तौर पर नजर आईं। फुटेज में देखा गया कि चोर ट्रैक्टर को मंडला रोड की ओर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इसके बावजूद पाटन थाना पुलिस अब तक कोई ठोस सुराग नहीं जुटा पाई है। पुलिस की धीमी कार्रवाई से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। किसान नरेंद्र साहू ने हताश होकर चोरों का पता बताने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की है, हालांकि पुलिस इस इनाम की पुष्टि नहीं कर रही है।

थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत का कहना है कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब घटना के कई दिन बाद भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई है, तो क्या ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है। अब देखना यह होगा कि पाटन थाना पुलिस इस मामले में कब तक सफलता हासिल कर पाती है।

Related Articles

Back to top button