जबलपुर: नशे के नेटवर्क पर अधारताल पुलिस का बड़ा प्रहार: थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार की टीम ने 14.5 किलो गांजा के साथ चार आरोपियों को दबोचा
नशे के नेटवर्क पर अधारताल पुलिस का बड़ा प्रहार: थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार की टीम ने 14.5 किलो गांजा के साथ चार आरोपियों को दबोचा

जबलपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में अधारताल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 किलो 500 ग्राम गांजा, दो बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पूरे मामले में एक मुख्य सप्लायर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार ने अपनी टीम के साथ करौंदा बायपास पर सटीक घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
कटनी-जबलपुर मार्ग स्थित दाऊ मैरिज गार्डन के आगे पुलिस को दो बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी पर चार युवक संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने चारों को मौके पर ही पकड़ लिया।
जब दोनों बैगों की तलाशी ली गई तो उनमें से 14 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के साथ दो बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में दिशांत सिंह परिहार निवासी सतना, अंशुल राय निवासी सिवनी, नवीन झारिया निवासी सिवनी तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा पवन बागरी निवासी अमदरी, जिला सतना से लाया गया था। पुलिस अब फरार आरोपी पवन बागरी की तलाश के साथ-साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के कुशल नेतृत्व में उप निरीक्षक दीपक मंडलोई, आरक्षक शशिप्रकाश, आरक्षक दुर्गेश दुबे और आरक्षक सुरजीत जाट ने साहस, सतर्कता और टीमवर्क का परिचय देते हुए आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम के कार्य की सराहना की।
जबलपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। शहर और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



