जबलपुर: पुलिस” लिखी गाड़ी में घूमता था शातिर ठग धीरेन्द्र सिंह ठाकुर: 23 लाख की ठगी का खुलासा, संजीवनी नगर पुलिस की टोपी समेत गाड़ी जब्त
पुलिस लिखी गाड़ी में घूमता था शातिर ठग धीरेन्द्र सिंह ठाकुर: 23 लाख की ठगी का खुलासा, फरियादियों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई

जबलपुर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर आरोपी धीरेन्द्र सिंह ठाकुर को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। संजीवनी नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी और पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी डी द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी धीरेन्द्र सिंह ठाकुर “POLICE” लिखी गाड़ी में घूमता था और उसमें पुलिस की टोपी रखकर लोगों को खुद के पुलिसकर्मी होने का विश्वास दिलाता था। इसी झूठे रौब के दम पर वह भोले-भाले लोगों को सरकारी नौकरी और सस्ते आवास दिलाने का लालच देता था।
इस मामले में फरियादी संदीप रंगारे, रजनी बैद्य, ज्योति थोरात, छाया उईके, आरती झारिया, पिंकी विश्वे, अभिलाष प्रजापति, हेमलता रंगारे, रजनी जामोलकर सहित अन्य लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। सभी पीड़ितों ने बताया कि आरोपी ने उनसे अलग-अलग रकम लेकर करीब 23 लाख 64 हजार 500 रुपये की ठगी की।
आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र, शासकीय आदेश और सील-सिग्नेचर वाले दस्तावेज भेजकर लोगों को भरोसे में लेता था। जब लंबे समय तक किसी को नौकरी या आवास नहीं मिला, तो पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी फरार हो गया और मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए।
शिकायत के बाद संजीवनी नगर थाना पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की “POLICE” लिखी गाड़ी को जब्त किया, जिसमें से पुलिस की टोपी और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी धीरेन्द्र सिंह ठाकुर के खिलाफ धारा 420, 406 भादवि और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में संजीवनी नगर थाना प्रभारी और धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी की अहम भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से एक बड़े ठग का पर्दाफाश हुआ और पीड़ितों को न्याय की उम्मीद जगी है।



