गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद बना खूनी कांड: जॉनसन पिल्ले की मौत, दो नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद बना खूनी कांड: जॉनसन पिल्ले की मौत, दो नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

संस्कारधानी जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच मामूली गाली-गलौज का विवाद एक खौफनाक खूनी घटना में बदल गया। टाइप-2 व्हीकल फैक्ट्री इलाके में हुए चाकूबाजी कांड में घायल 13 वर्षीय जॉनसन पिल्ले की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, गंगा मैया क्षेत्र निवासी जॉनसन पिल्ले का अपने ही परिचित दो नाबालिगों—अनुज और आदित्य—से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज से बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया।
इसी दौरान आरोपियों ने आक्रोश में आकर चाइना चाकू से जॉनसन पॉल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल जॉनसन सड़क पर ही गिर पड़ा, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता जता रहे हैं।



