जबलपुर में अपराधियों का तांडव! कहीं बमबाजी तो कहीं लाखों की ठगी, चोरी-झपटमारी से मचा हड़कंप
घमापुर में घर के पास बम फेंककर दहशत फैलाने का आरोप, राशन दुकान में लाखों की हेराफेरी का खुलासा

जबलपुर। जिले में अपराध की कई घटनाओं ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। घमापुर में घर के पास बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश, अधारताल में ₹50 हजार की अवैध मांग पर हमला, बेलखेड़ा में सरकारी राशन की हेराफेरी, तो दूसरी ओर साइबर ठगी में लाखों रुपये की सेंध—एक के बाद एक सामने आए मामलों ने शहर की क्राइम फाइल को गर्म कर दिया है।
घमापुर में बमबाजी से दहशत, घर के दरवाजे पीटते रहे आरोपी,
घमापुर में रामकुमार बेन की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, बेटे सुरेंद्र को कुछ युवक खदेड़ रहे थे। पिता-पुत्र घर की ओर भागे तो आरोप है कि हानी, शनि, मनि और चिन्ना ने ईंट-पत्थर फेंके और घर के पास सुअरमार बम फेंका, जो धमाके के साथ फट गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा घर का दरवाजा पीटने का भी आरोप है। पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
₹50 हजार की मांग पूरी नहीं हुई तो भाई पर हमला,
अधारताल में वसीम मंसूरी ने अपने भाई मोहसिन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार मोहसिन ने ₹50 हजार रुपये मांगे। रकम देने से इनकार करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए नुकीली वस्तु से हमला किया गया। बचाव के दौरान वसीम के हाथ में चोट आई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी राशन में बड़ा खेल! 4.50 लाख का खाद्यान्न कम,
बेलखेड़ा की हिनोतिया शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया है। खाद्य विभाग की शिकायत के मुताबिक कृष्णकुमार ठाकुर उर्फ कृष्णा और कर्मचारी राजकुमार परसवार पर हितग्राहियों के बायोमेट्रिक/OTP से वितरण दर्ज करने, वास्तविक राशन नहीं देने और निर्धारित दर से अधिक राशि लेने के आरोप हैं।
स्टॉक सत्यापन में 116.23 क्विंटल गेहूं, 23.33 क्विंटल चावल, 7.81 क्विंटल नमक और 0.08 क्विंटल शक्कर कम मिली। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹4.50 लाख बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
₹399 के रिफंड के चक्कर में खाते से उड़ गए ₹68,686,
लार्डगंज में साइबर ठगी का मामला सामने आया। वंदना यादव ने ₹399 का ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन लिया था। रिफंड के लिए इंटरनेट से नंबर तलाशने के बाद कथित साइबर ठग ने फोन कर बैंक मैसेज, PhonePe हिस्ट्री और PIN की जानकारी मांगी। जानकारी साझा करने के बाद खाते से ₹49,343 और ₹19,343, कुल ₹68,686 निकल गए।
मोबाइल रिप्लेसमेंट के नाम पर ₹12 लाख की सेंध,
गोरखपुर में भावना चौबे के खाते से ₹12 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। मोबाइल खराब होने के बाद रिप्लेसमेंट के लिए संपर्क करने पर कथित तौर पर ATM कार्ड की फोटो मांगी गई। फोटो शेयर करने के बाद खाते से चार ट्रांजेक्शन में रकम ट्रांसफर होने की शिकायत है। पुलिस साइबर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
ई-मेल फ्रॉड से कारोबारी को ₹27 लाख का झटका,
गोरखपुर में महत्व चावला की फर्म के साथ कथित ई-मेल फ्रॉड का मामला सामने आया। कंपनी का बैंक खाता बदलने संबंधी ई-मेल मिलने के बाद फर्म ने ₹27 लाख 5 हजार 690 रुपये नए खाते में जमा किए। बाद में संबंधित कंपनी ने रकम मिलने से इनकार किया और बैंक खाता बदलने की बात भी नकार दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
PhonePe फेल हुआ, खाते से ₹38 हजार गायब,
पनागर में वकील पटेल के खाते से करीब ₹38 हजार UPI के जरिए ट्रांसफर होने की शिकायत सामने आई। पुलिस ने BNS और IT Act की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
ई-रिक्शा चोरी, मोबाइल झपटमारी से भी पुलिस परेशान,
हनुमानताल में मोहम्मद जाहिद का ई-रिक्शा चोरी होने का मामला दर्ज हुआ। वहीं सिविल लाइन में नीरज उइके से बाइक सवार युवक द्वारा OnePlus मोबाइल झपटने की शिकायत हुई। हनुमानताल में 74 वर्षीय विनोद कुमार रैकवार से भी मोबाइल छीनकर आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया।
दो सड़क हादसों में कई लोग घायल,
पाटन रोड पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग घायल हुए। गुरू पिपरिया के पास कार की टक्कर से बाइक सवार अरविंद सिंह और राजकुमारी घायल हुए, जबकि दूसरी घटना में विश्वकर्मा वेयर हाउस के पास कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और इमरान खान, हरिराम अठया, दुर्गेश पांडे और उदय सिंह घायल हुए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम फाइल में कई मामले, पुलिस के सामने अपराधियों तक पहुंचने की चुनौती,
बमबाजी से दहशत, अवैध वसूली, सरकारी राशन की हेराफेरी, करोड़ों के साइबर फ्रॉड की कोशिशें, चोरी, मोबाइल झपटमारी और सड़क हादसे—जबलपुर में सामने आए इन मामलों ने पुलिस के सामने कई मोर्चे खोल दिए हैं। पुलिस द्वारा संबंधित मामलों में FIR दर्ज कर साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
SET NEWS जबलपुर की क्राइम स्टोरी—अपराधियों पर शिकंजा कसना पुलिस के लिए चुनौती, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी।



