Latest News

जबलपुर में क्राइम ब्रांच-गढ़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: सट्टा अड्डे पर छापा, 2 गिरफ्तार, सट्टा किंग बल्ली गुप्ता फरार

क्राइम ब्रांच-गढ़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: सट्टा अड्डे पर छापा, 2 गिरफ्तार, सट्टा किंग बल्ली गुप्ता फरार

जबलपुर में आईपीएल सीजन के दौरान सक्रिय क्रिकेट सट्टा कारोबार पर क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने प्रेमनगर इलाके में दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड और बुकी खिलाने वाला सट्टा किंग मौके से फरार हो गया।

 

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी का मार्गदर्शन रहा।
मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रेमनगर स्थित एमजी शोरूम के पीछे एक मकान में छापा मारा। यहां आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए क्रिकेट मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहे थे।
पुलिस ने मौके से जयप्रकाश यादव (51) और अमित कुशवाहा (35) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। वहीं पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड और सट्टा किंग बल्ली गुप्ता पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से 6200 रुपये नकद, 1 लैपटॉप, 1 पेन ड्राइव, 11 मोबाइल, कैलकुलेटर, सट्टा पर्चियां, डायरी और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि फरार आरोपी बल्ली गुप्ता काफी शातिर है और लंबे समय से अपने ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में लोकेशन बदलकर वह सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था और सट्टे में लगाए गए पैसों का हिसाब-किताब एवं लेनदेन भी वही संभालता था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक बड़े बुकी नेटवर्क से जुड़े हैं और कथित सट्टा किंग के इशारे पर सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी काफी शातिर है और लंबे समय से अपने ठिकाने बदल-बदलकर सट्टा कारोबार चला रहा है। फिलहाल उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक हिमलेश वैद्य, आरक्षक अरूण, दिनेश, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, आरक्षक प्रदीप टेकाम, राजेश मिश्रा, राजेश मारते एवं महिला आरक्षक नीलम तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं फरार सट्टा किंग की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जबलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार घूम रहा यह शातिर सट्टा किंग बल्ली गुप्ता
आखिर कब सलाखों के पीछे पहुंचेगा।

Related Articles

Back to top button